रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के मौके पर इस बार नया रायपुर में आसमान में रोमांच का तड़का लगने वाला है। 2 नवंबर को अटल नगर स्थित सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की विश्व प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर टीम अपना भव्य एयर शो करेगी।
लगभग 50 मिनट तक चलने वाले इस शो में सारंग टीम सेंध झील के ऊपर हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाएगी। टीम सोमवार को ही तीन दिवसीय राज्योत्सव में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंच चुकी है। शो सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा।
सारंग टीम देश की सबसे रोमांचक हवाई प्रदर्शन टीमों में से एक है। स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ से उड़ान भरने वाली यह टीम अपने सटीक उड़ान और रोमांचक करतबों के लिए जानी जाती है। इनके हेलीकॉप्टरों का रंग-बिरंगा डिजाइन मोर से प्रेरित है, इसीलिए इन्हें ‘सारंग’ कहा जाता है।
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सोमवार को अधिकारियों के दल के साथ सेंध लेक पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की।
स्रोत: नवभारत समाचार पत्र
